home page

मालदा में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, कांग्रेस नेता और भाई पर मामला दर्ज

 | 
मालदा में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, कांग्रेस नेता और भाई पर मामला दर्ज


मालदा, 08 अगस्त (हि.स.)। मालदा जिले के मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में कांग्रेस के एक नेता और उसके भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान नासिरुद्दीन अहमद के रूप में हुई है। वह हाल ही में जेल से रिहा होकर घर लौटा था। शुक्रवार को मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बांगिटोला बाजार इलाके में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक के परिजनों ने इस मामले में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष दुलाल शेख और उसके भाई फिरोज शेख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।

नासिरुद्दीन के भाई का आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद वह कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दुलाल शेख से अपने बकाया 80 हजार रुपये मांगने गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, पैसों के विवाद को लेकर नासिरुद्दीन ने कांग्रेस नेता पर हमला किया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। करीब तीन महीने न्यायिक हिरासत में रहने के बाद वह इसी सप्ताह रिहा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि नासिरुद्दीन द्वारा हमला किए जाने को लेकर दुलाल शेख के मन में पुरानी रंजिश थी और इसी कारण उसकी हत्या की गई।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को नासिरुद्दीन अपने बेटे के लिए दवा खरीदने घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में फिरोज शेख ने उस पर हमला किया। जान बचाकर भागने के दौरान उस पर दोबारा हमला किया गया। आरोप है कि इस बार दुलाल शेख और फिरोज शेख दोनों ने मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मालदा जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपित फरार हैं और उनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। मृतक के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता