तूफान के बीच बाजार की छत गिरने से नाइट गार्ड की मौत
मालदा, 21 मार्च (हि.स.)। तेज आंधी-बारिश के चलते शनिवार जिले का ऐतिहासिक नेताजी पुरबाजार की छत का एक हिस्सा ढहने से एक नाइट गार्ड की मौत हो गई। मृतक का नाम मोंटू सरकार बताया गया है।
इस दर्दनाक हादसे में इंग्लिश बाजार नगर पालिका के सफाईकर्मी दीप सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और एक्सकेवेटर मशीन की मदद से लंबे प्रयास के बाद मलबा हटाकर शव को बाहर निकाला गया। मालदा का यह प्राचीन और व्यस्त बाजार लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हालत में था। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि बाजार के पुनर्निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।
इसी बीच ईद की सुबह हुए इस हादसे से व्यापारियों में शोक की लहर है। घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस संचालित नगर पालिका पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए गए है, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

