नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
मालदा, 06 जुलाई (हि. स.)। जिले के इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और आरोपित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान शेख रबीउल (30) के रूप में हुई है।
सोमवार को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंग्लिशबाजार के यदुपुर इलाके की निवासी पीड़िता तथा आरोपित एक ही मोहल्ले में रहते हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत के मुताबिक, रविवार दोपहर आरोपित के घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी अवसर का लाभ उठाते हुए उसने छठी कक्षा की छात्रा को किसी बहाने अपने घर बुलाया और वहां उसका यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद नाबालिग लड़की अकेले ही अपने घर लौट आई थी। उसकी बिगड़ती शारीरिक स्थिति देख परिवार के सदस्यों ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। स्थिति गंभीर होने पर उसे तत्काल मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इस बीच आरोपित फरार होकर बिहार भाग गया। परिजनों की लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की और तकनीकी निगरानी के सहारे रविवार रात ही बिहार के पूर्णिया जिले से उसे धर दबोचा।
सोमवार को आरोपित को पुलिस रिमांड की मांग के साथ मालदा जिला अदालत में पेश किया गया।
इस संबंध में मालदा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मकसूद हसन ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही तत्परता से विशेष टीम गठित कर आरोपित को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। मामले में शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित कर दोषी को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

