मालदा में अवैध गैस सिलेंडर दुकानों पर छापेमारी, 103 सिलेंडर जब्त
मालदा, 8 अगस्त (हि.स.)। मालदा जिले के बैष्णवनगर बाजार में शनिवार सुबह अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने और बेचने वाली दुकानों के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई करीब 11:30 बजे डीएसपी (डीईबी), मालदा के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 62 घरेलू गैस सिलेंडर, दो वाणिज्यिक गैस सिलेंडर और छोटे सिलेंडरों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 39 सिलेंडर शामिल हैं। कुल 103 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णपुर ग्राम पंचायत के महादलितटोला निवासी सिदाम मंडल के पुत्र मिथुन मंडल और बेदरबाद ग्राम पंचायत के मिर्जाचक निवासी दिवंगत नारायण सरकार के पुत्र चंदन सरकार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

