मालदा में गंगा का कहर : तीन ब्लॉक जलमग्न, 82 स्कूलों में पढ़ाई बंद
मालदा, 11 सितंबर (हि.स.)। गंगा के उफान से मालदा जिले के मानिकचक, रतुआ-1 और कालियाचक-3 ब्लॉक के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। गंगा खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जबकि फुलहर नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर से भूतनी चर, महानंदाटोला, बिलाइमारी और कालियाचक-3 के कुंभीरा के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीनों ब्लॉकों के 82 स्कूलों में पढ़ाई बंद रखने का निर्णय लिया है। इनमें 23 स्कूलों को राहत शिविर में तब्दील किया गया है।
सामने उच्च माध्यमिक की सेमेस्टर परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने छात्रों की पढ़ाई जारी रखने के लिए नवम से द्वादश कक्षा तक ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की है। इससे उदयपुर हाई स्कूल, भूतनी चंडीपुर हाई स्कूल, उत्तर चंडीपुर हाई स्कूल, आमतला ननीटोला हाई स्कूल और कटाहा दियारा हाई स्कूल के करीब 750 उच्च माध्यमिक परीक्षार्थियों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी राजनवीर सिंह कपूर ने शुक्रवार को बताया कि फिलहाल ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की गई है और स्थिति सामान्य होते ही स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन के इस कदम से छात्रों को भी राहत मिली है। उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी श्यामल दास ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होने से पढ़ाई का बड़ा नुकसान टल गया है और यह प्रशासन की सराहनीय पहल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

