बंगाल-बिहार सीमा पर युवक का रक्तरंजित शव बरामद, हत्या की आशंका
मालदा, 13 अप्रैल (हि. स.)। बंगाल-बिहार सीमा से सटे इलाके में एक युवक का रक्तरंजित शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान आजमल हुसैन (21) के रूप में हुई है। वह मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर-दो ब्लॉक के मालियोर-दो ग्राम पंचायत के दक्षिण तालशुर गांव का निवासी था।
परिवार का आरोप है कि आजमल की हत्या की गई है और दोषियों की गिरफ्तारी के साथ कड़ी सजा की मांग की गई है। मृतक का मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे आजमल अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकला था। सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर बंगाल-बिहार सीमा के पास इस्लामपुर ग्राम पंचायत के नोआपाड़ा बांध रोड किनारे से हरिश्चंद्रपुर थाने की पुलिस ने बरामद किया। शव पर मारपीट के कई निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से युवक की बाइक बरामद कर ली है, लेकिन मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। परिवार के मुताबिक, दो भाइयों में आजमल छोटा था और गांव की एक लेथ फैक्ट्री में काम करता था।
बताया जा रहा है कि वह रविवार रात फैक्ट्री मालिक की बाइक लेकर ससुराल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। सोमवार सुबह शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि हमने सिर के पीछे गहरा चोट देखा है। ऐसा लगता है कि लोहे की रॉड से मारा गया है। शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। बाइक को देखकर भी लगता है कि उसे तोड़ा गया है। मोबाइल भी गायब है, जिससे हमें पूरा शक है कि यह हत्या है। पुलिस आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दे।
फिलहाल, हरिश्चंद्रपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

