मालदा में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, छह महिलाओं समेत 12 गिरफ्तार
मालदा, 22 सितंबर (हि. स.)। पुरातन मालदा के मंगलबाड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत नलडुबी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की घटना सामने आई है। हमले में चार भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तृणमूल नेता रिपन बर्मन समेत 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में छह महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इलाके के तृणमूल नेता रिपन बर्मन के नेतृत्व में एक समूह ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। हमले में प्रसेनजीत घोष, शिखिल घोष, मिलन घोष और पवन घोष घायल हुए। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर हंसिया से वार किया। घटना के बाद नलडुबी इलाके में तनाव फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने रिपन बर्मन के घर के बाहर पहुंचकर विरोध किया। इस दौरान उनके घर में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले को लेकर मालदा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस की ओर से मंगलवार को शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और रिपन बर्मन समेत 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में छह महिलाएं हैं।
पुलिस घटना की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

