home page

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क मरम्मत में अनियमितता का आरोप

 | 
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क मरम्मत में अनियमितता का आरोप


मालदा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के रतुआ-1 ब्लॉक की चांदमुनी-2 ग्राम पंचायत में सड़क मरम्मत की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने रविवार को आरोप लगाया है कि धूल और बालू साफ किए बिना ही सड़क पर पिच डालकर रोलर चलाया जा रहा है। इससे सड़क की मजबूती और सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की पहल पर श्रीपुर रेलवे गेट से आंधारू होते हुए बोमपाल तक करीब पांच किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क की मरम्मत की जा रही है। लंबे समय से सड़क जर्जर होने के कारण लगभग 20 गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। मरम्मत शुरू होने से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन काम की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

आंधारू गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार काम नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह मरम्मत हुई तो सड़क जल्द ही फिर से खराब हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के इस्तेमाल की मांग की है।

इस संबंध में जिला परिषद सदस्य फजलुल हक ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायतों की जांच कर जरूरत पड़ने पर संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों से बातचीत की जाएगी तथा सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार