home page

मालदा के चांचल थाने में भीषण आग, कई केस डायरी और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जलकर राख

 | 

मालदा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के चांचल थाने में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग थाने के मालखाने से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के कई कमरों तक फैल गई। इस घटना में बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और केस डायरी जलकर राख हो गए।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद शनिवार दोपहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्क बंद्योपाध्याय और चांचल के एसडीपीओ अफजल अली ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जले हुए मालखाने और थाने के क्षतिग्रस्त हिस्सों का जायजा लेने के साथ नुकसान का प्रारंभिक आकलन भी किया।सूत्रों के मुताबिक, आग में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए है। हालांकि, कुछ केस डायरी और अन्य कागजात सुरक्षित बचा लिए गए। घटना के कारणों और नुकसान की वास्तविक मात्रा का पता लगाने के लिए पुलिस ने उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार