नियमों की अनदेखी पर सख्त एसएमसी : बहुमंजिली इमारत पर जुर्माना, मिठाई दुकान का किचन सील
सिलीगुड़ी, 29 अगस्त (हि.स.)। बारिश के मौसम में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम ने शनिवार सुबह शहर के विभिन्न इलाकों में अचानक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर बहुमंजिला इमारत बनाने पर मालिक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, अस्वच्छ माहौल में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने के आरोप में सेवक रोड स्थित एक प्रसिद्ध मिठाई दुकान के कारखाने के किचन को सील कर दिया गया है।
नगर आयुक्त वीर विक्रम राय के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 13 के उधम सिंह सारणी स्थित एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां स्वीकृत इंजीनियरिंग प्लान और अधिकृत इंजीनियर मौजूद नहीं मिला। इसके अलावा निर्माणाधीन भवन के अंदर काफी मात्रा में पानी जमा था, जिससे डेंगू के मच्छरों के लार्वा पनपने का खतरा था। इन लापरवाहियों को देखते हुए निगम ने भवन मालिक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इसके बाद निगम की टीम ने सेवक रोड स्थित एक प्रसिद्ध मिठाई दुकान के कारखाने में छापेमारी की। स्थानीय व्यवसायियों और लोगों की ओर से लंबे समय से कारखाने से निकलने वाले गंदे पानी को लेकर शिकायतें की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान कारखाने के अंदर बेहद गंदगी और अस्वच्छ माहौल में मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने की बात सामने आई। यहां तक कि किचन के अंदर से ही एक गंदा नाला गुजरता मिला।
जनस्वास्थ्य को संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों ने तत्काल मिठाई कारखाने के किचन को सील कर दिया। साथ ही दुकान प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
अभियान के बाद नगर आयुक्त वीर विक्रम राय ने कहा कि डेंगू की रोकथाम और शहर में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी में इस तरह के औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

