home page

चुनाव 26 : पहाड़ के बाद मैदान की चार सीटों पर भी भाजपा को मीला जीजेएम का समर्थन

 | 

सिलीगुड़ी, 27 मार्च(हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव-2026 से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। इसी कड़ी में बड़ी खबर उत्तर बंगाल से आई है, जहां गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) ने पहाड़ी इलाकों के बाद अब समतल की चार विधानसभा सीटों पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को समर्थन देने का ऐलान किया है। हालांकि, गोरखा राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा (जीएनएलएफ) और अजय एडवर्ड की इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट (आईजीजेएफ) ने भाजपा से दूरी बनाए रखी है।

पहाड़ी क्षेत्र में पहले ही जीजेएम और भाजपा के बीच गठबंधन हो चुका है। दार्जिलिंग सीट पर मोर्चा नेता नोमान राई को भाजपा के टिकट पर उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि कर्सियांग और कालिम्पोंग सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

अब समतल की जिन सीटों पर जीजेएम ने भाजपा को समर्थन दिया है, उनमें माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी, फांसीदेवा, सिलीगुड़ी और डाबग्राम-फूलबाड़ी शामिल हैं।

शनिवार को शालुगाड़ा में हुई बैठक में इस रणनीति पर मुहर लगी, जिसमें भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन और जीजेएम के महासचिव रोशन गिरी मौजूद रहे।

बैठक के बाद रोशन गिरी ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि गोरखाओं के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो समाधान संभव है।

वहीं, भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने कहा कि जीजेएम हमारा पुराना साथी है। उनके समर्थन से हमारी दावेदारी और मजबूत होगी।

गौरतलब है कि दार्जिलिंग जिले के समतल क्षेत्रों में तीन से पांच प्रतिशत गोरखा वोटर हैं, जो माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी और सिलीगुड़ी जैसी सीटों पर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में भाजपा इस समर्थन को वोट में बदलने की रणनीति पर काम कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार