home page

नदिया में महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंके गए, पुलिस की भूमिका पर सवाल

 | 
नदिया में महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंके गए, पुलिस की भूमिका पर सवाल


नदिया, 01 जुलाई (हि. स.)। जिले के कालीगंज में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर उन्हें निशाना बनाकर अंडे फेंके गए और विरोध कर रहे लोगों ने उनके खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए।

जानकारी के अनुसार, कालीगंज स्थित एक पार्टी कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में महुआ मोइत्रा शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान कार्यालय के बाहर कुछ महिला और पुरुष एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सांसद का आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे लोग भारतीय जनता पार्टी के समर्थक थे तथा उनके हाथों में अंडे थे। आरोप है कि इसी दौरान कार्यक्रम स्थल को निशाना बनाकर अंडे फेंके गए।

घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण होता देख महुआ मोइत्रा ने स्वयं अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

सांसद महुआ मोइत्रा ने पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद समय रहते कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इस घटना के बाद उन्होंने स्वयं को असुरक्षित महसूस किया है।

घटना के बाद इलाके में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि विपक्षी दलों ने सुनियोजित तरीके से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता