home page

महुआ मोइत्रा की गाड़ी पर हमले का आरोप, अभिषेक ने उठाया अदालत की अवमानना का सवाल

 | 
महुआ मोइत्रा की गाड़ी पर हमले का आरोप, अभिषेक ने उठाया अदालत की अवमानना का सवाल


कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा की गाड़ी को घेरकर धक्का-मुक्की करने, लाठी और अंडे फेंककर हमला करने का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा है। कृष्णनगर की सांसद महुआ ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इतना ही नहीं, पुलिस ने हमलावरों को हटाने के बजाय उन्हें घटनास्थल से चले जाने की सलाह दी।महुआ मोइत्रा ने गुरुवार दोपहर अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा कर यह आरोप लगाया।

वीडियो में उनकी गाड़ी के बाहर कुछ लोग काले झंडे और भाजपा के झंडे लेकर प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी गाड़ी के काफी नजदीक आकर धक्का-मुक्की करते भी नजर आ रहे हैं।

महुआ ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता उनकी गाड़ी को धक्का दे रहे थे और लाठी तथा अंडों से हमला कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उल्टे पुलिस उन्हें ही वहां से चले जाने के लिए कह रही थी।

सांसद ने यह भी दावा किया कि इस तरह की घटना होने की आशंका पहले से थी और इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

महुआ की इस पोस्ट के करीब एक घंटे बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने महुआ की पोस्ट को साझा करते हुए राज्य सरकार और गृह विभाग की भूमिका पर सवाल उठाए।

डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि क्या कलकत्ता हाई कोर्ट राज्य सरकार और गृह विभाग के खिलाफ अदालत के निर्देशों की अवहेलना के लिए अवमानना की प्रक्रिया शुरू करेगा? या अदालत की अवमानना का कानून केवल विपक्ष के लिए है और सत्ता में बैठे लोगों तथा उनके भाजपा सहयोगियों को विशेष संरक्षण प्राप्त है?

अभिषेक ने पुलिस की कथित निष्क्रियता के साथ ही राज्य सरकार और भाजपा के बीच कथित मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अदालत के निर्देशों के बावजूद प्रशासन उन्हें लागू क्यों नहीं कर रहा है।

महुआ मोइत्रा की गाड़ी पर कथित हमले और पुलिस की भूमिका को लेकर गुरुवार दोपहर से ही राज्य की राजनीति और इंटरनेट मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता