महिषादल में हमले के विरोध में पथावरोध
| May 1, 2026, 09:55 IST
पूर्व मेदिनीपुर, 01 मई (हि. स.)। जिले के महिषादल में एक व्यक्ति पर हमले के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे महिषादल के रंगीबसान शीतला मंदिर इलाके में कुछ बदमाशों ने कार्तिक दास नामक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह महिषादल–गेओखाली राज्य सड़क को जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
सूचना पाकर महिषादल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

