home page

महिला सफाईकर्मी से अभद्रता का आरोप, पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

 | 
महिला सफाईकर्मी से अभद्रता का आरोप, पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी


कोलकाता, 15 मई (हि. स.)। रामपुरहाट नगर पालिका क्षेत्र में एक अस्थायी महिला सफाईकर्मी के साथ कथित अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और सफाईकर्मियों ने कड़ा रुख अपनाया है। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे नगर पालिका क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। सफाईकर्मियों का कहना है कि “जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक काम बंद रहेगा।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-4 की अस्थायी महिला सफाईकर्मी रूमा हाजरा ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह काम की हाजिरी देने के बाद जब वह लौट रही थीं, तभी डाक बांग्ला मोड़ के पास उनका रास्ता रोककर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस मामले में अब्बास हुसैन जो तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद बताए जा रहे हैं, के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

पीड़िता का कहना है कि वह हाल ही में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष के पास गई थीं। इसी बात को लेकर आरोपित ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और धमकाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बेहद अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद रूमा हाजरा ने रामपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, नगर पालिका के अस्थायी सफाईकर्मियों का आरोप है कि गुरुवार को वेतन समय पर देने की मांग को लेकर उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। उनका कहना है कि इसी कारण नाराज होकर आरोपित ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया।

हालांकि, आरोपित अब्बास हुसैन ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है और कहा है कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा