home page

महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून को कोलकाता में श्रद्धांजलि समारोह

 | 
महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून को कोलकाता में श्रद्धांजलि समारोह


कोलकाता, 14 जून (हि. स.)। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती के अवसर पर 17 जून को कोलकाता में श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान परिषद और अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में विभिन्न स्थानों पर महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, महाराणा प्रताप की जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया, विक्रम संवत 2083 के अनुसार 17 जून 2026, बुधवार को मनाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान समाज के गणमान्य लोग, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे शेक्सपीयर सरणी स्थित महाराणा प्रताप उद्यान में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। सुबह आठ बजे सेंट्रल मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित त्रिकोणिया पार्क (बड़ी मूर्ति) में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर चितरंजन एवेन्यू एवं महाराणा प्रताप सरणी (इंडिया एक्सचेंज प्लेस) क्रॉसिंग स्थित प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

राजस्थान परिषद के महामंत्री अरुण प्रकाश मल्लावत ने समाज के लोगों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरणा देते हैं।

आयोजकों ने सभी नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर