home page

डेंगू का केंद्र बना महानाद, 33 संक्रमित

 | 
डेंगू का केंद्र बना महानाद, 33 संक्रमित


हुगली, 01 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गापूजा से पहले हुगली जिले में डेंगू को लेकर चिंता बढ़ गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक करीब 520 लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें पोलबा-दादपुर प्रखंड के महानाद ग्राम पंचायत क्षेत्र की स्थिति अपेक्षाकृत चिंताजनक बताई जा रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, महानाद में अब तक 33 डेंगू संक्रमित मिले हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है।

स्थिति को देखते हुए महानाद में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। लोगों को लंबे समय तक बुखार रहने पर रक्त जांच कराने और डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी जा रही है। साथ ही मच्छरदानी का वितरण और डेंगू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

गुरुवार को पोलबा-दादपुर प्रखंड के प्रखंड विकास अधिकारी सुब्रिति दास समेत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी महानाद पहुंचे। डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की तलाश के लिए सर्वेक्षण किया गया। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए उन स्थानों पर भी कीटनाशक का छिड़काव किया गया, जहां प्रशासनिक कर्मचारियों का सीधे पहुंचना मुश्किल है।

प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुब्रिति दास ने बताया कि महानाद ग्राम पंचायत के आर्माला और नगरपाड़ा क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप अधिक देखा जा रहा है। स्थिति पर नियंत्रण के लिए स्कूलों में जागरूकता शिविर, मोहल्लों में बैठक और नियमित निगरानी की जा रही है।

प्रशासन की ओर से लोगों से घरों के आसपास जमा पानी और झाड़ियों को तत्काल साफ करने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गई है। पूजा से पहले डेंगू की रोकथाम के लिए महानाद में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी एवं अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय