महाअष्टमी पर 24 घंटे बंद रहेंगी शराब की दुकानें, बार में भी नहीं मिलेगी शराब; डीजे पर भी रोक
कोलकाता, 07 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान महाअष्टमी के दिन सभी शराब की दुकानें 24 घंटे बंद रहेंगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शराब की दुकानें ही नहीं, बल्कि बार और पानशालाओं में भी उस दिन शराब की बिक्री नहीं होगी।
दुर्गापूजा समितियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महाअष्टमी के दिन, जब श्रद्धालु पुष्पांजलि अर्पित करते हैं, पूरे राज्य में सभी तरह की शराब की दुकानें बंद रहेंगी। बार में भी शराब परोसे जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने इस फैसले को लेकर कहा कि इसमें किसी को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान राज्य में कहीं भी डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान जुलूस निकाले जा सकते हैं, लेकिन डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि शोभायात्रा निकालें, डीजे नहीं।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा के चारों दिनों शराब की बिक्री पर इस तरह की पूर्ण पाबंदी नहीं रही है। आम तौर पर राज्य में दुर्गापूजा के दौरान शराब की दुकानें खुली रहती थीं और कई जिलों में इस दौरान शराब की बिक्री का आंकड़ा काफी अधिक रहता था।
राज्य सरकार के इस फैसले के बाद इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान शराब बिक्री और पूजा आयोजनों में ध्वनि नियंत्रण को लेकर नियम पहले की तुलना में अधिक सख्त रहने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

