राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक श्रमिक की मौत, करीब 10 घायल
खड़गपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना खड़गपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के मादपुर घाट इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
लालगढ़ से श्रमिकों को काम के सिलसिले में मादपुर ले जा रही एक निजी गाड़ी गुरुवार तड़के मादपुर घाट के पास पहुंची। इसी दौरान इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। बताया गया है कि मोड़ लेते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार एक श्रमिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में करीब 10 अन्य श्रमिक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी मौके से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में तेज बारिश के बीच वाहन के नियंत्रण खोने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

