21 जुलाई आयोग रिपोर्ट पर विधानसभा में मदन ने की शुभेंदु की प्रशंसा
कोलकाता, 20 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा सोमवार को एक अलग ही राजनीतिक सौजन्यता का साक्षी बना। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सदन में बहुप्रतीक्षित 21 जुलाई आयोग की रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट पेश होने के बाद विपक्षी खेमे की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति प्रशंसा के स्वर सुनाई दिए। मुख्यमंत्री की खुलकर सराहना करने वालों में कमरहाटी के वरिष्ठ तृणमूल विधायक मदन मित्र भी शामिल रहे।
रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद मदन मित्र ने अध्यक्ष से समय लेकर अपनी बात रखी। अपने वक्तव्य की शुरुआत उन्होंने अपने स्वाभाविक हास्य अंदाज में की। उन्होंने कहा कि उनके वस्त्रों को देखकर कुछ लोगों को लग रहा होगा कि वह काला तृणमूल हैं, लेकिन वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि ऐसा नहीं है। उनके इस वक्तव्य पर सदन में कुछ देर के लिए हंसी का वातावरण बन गया।
इसके बाद मदन मित्र ने सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय से दबे हुए एक अत्यंत संवेदनशील विषय को फिर से सार्वजनिक विमर्श के केंद्र में लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कदम सदन और राज्य की जनता के लिए महत्वपूर्ण है तथा पश्चिम बंगाल के लोग इसके लिए उनके प्रति कृतज्ञ रहेंगे।
मदन मित्र ने अपने वक्तव्य में कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न और सुझाव भी रखे। उन्होंने पूर्ववर्ती चटर्जी आयोग की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए पूछा कि वह रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। उन्होंने इस विषय में अधिक पारदर्शिता लाने के लिए एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस मामले में यदि किसी व्यक्ति के पास कोई गोपनीय सूचना अथवा प्रमाण हो तो उसे सरकार तक पहुंचाने के लिए एक सरकारी अधिसूचना जारी की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार ऐसे सभी तथ्यों और प्रमाणों पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगी।
अपने वक्तव्य के अंत में मदन मित्र ने व्यक्तिगत पीड़ा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना के दौरान उन्होंने भी गवाही दी थी, लेकिन आज तक यह जानकारी नहीं मिल सकी कि उस गवाही का क्या परिणाम हुआ और मामले की जांच अथवा न्यायिक प्रक्रिया किस निष्कर्ष तक पहुंची। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और वास्तविक जांच की आवश्यकता पर बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

