कामरहाटी में प्रदर्शनकारियों ने की मदन मित्रा की गाड़ी में तोड़फोड़, विधायक ने जान का खतरा बताया
कोलकाता, 07 जून (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के कामरहाटी में शनिवार देर रात तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और गाड़ी पर अंडे भी फेंके। घटना के बाद विधायक ने फेसबुक लाइव के जरिए कहा कि उन्होंने मौत को बहुत करीब से देखा।
मिली जानकारी के अनुसार, कामरहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 14 में अशांति की सूचना पाकर मदन मित्रा शनिवार रात वह वार्ड के पार्षद अरिंदम विश्वास से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा।
मदन मित्रा ने आरोप लगाया कि करीब 100 से 150 लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और वे आक्रामक व्यवहार कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और गाड़ी पर अंडे फेंके। विधायक का यह भी आरोप है कि उनके चालक के साथ मारपीट की गई।
उन्होंने दावा किया कि कुछ स्थानीय महिलाओं ने उन्हें एक घर में अंधेरे में छिपाकर सुरक्षित रखा, जिससे उनकी जान बच सकी। उनके अनुसार, करीब एक घंटे तक इलाके में तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें गाड़ी में तोड़फोड़ और अंडे फेंकने जैसी घटनाएं दिखाई दे रही हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
फेसबुक लाइव में मदन मित्रा ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा समर्थित असामाजिक तत्व थे। उनका दावा है कि हमलावर ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे और उन्हें मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोग और पार्षद अरिंदम विश्वास मदद के लिए आगे नहीं आते, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम से ही पार्षद अरिंदम विश्वास के घर के सामने कथित कटमनी के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। उसी घटना की जानकारी मिलने के बाद मदन मित्रा वहां पहुंचे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

