home page

नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में मदन मित्रा के परिवार को ईडी का समन

 | 
नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में मदन मित्रा के परिवार को ईडी का समन


कोलकाता, 14 जुलाई (हि. स.)। नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का दायरा अब तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के परिवार तक पहुंच गया है। ईडी सूत्रों के अनुसार, कामारहाटी के विधायक मदन मित्रा की पत्नी तथा उनके दो पुत्रों को आगामी सप्ताह में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। कुछ वित्तीय लेनदेन में मदन मित्रा की पत्नी और उनके पुत्रों के नाम सामने आने की खबर है। इसी कारण उन्हें समन जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि गत जून में ईडी ने मदन मित्रा के आवास सहित कोलकाता और उसके आसपास सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था। उस समय जांच एजेंसी के अधिकारी भवानीपुर और कालीघाट स्थित उनके आवास पर भी पहुंचे थे। मदन मित्रा के आवास के अतिरिक्त दक्षिणेश्वर, संतोषपुर, जोका और बेलघरिया क्षेत्रों में भी तलाशी ली गई थी।

केवल ईडी ही नहीं, बल्कि गत वर्ष अक्टूबर में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में मदन मित्रा के आवास पर छापेमारी की थी। उस समय उनके आवास पर लगभग पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया था। अब इसी मामले में ईडी ने उनकी पत्नी और दोनों पुत्रों को तलब किया है।

नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार के आरोप में ईडी पहले ही पूर्व मंत्री सुजीत बसु को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी ने सुजीत बसु तथा उनके पुत्र समुद्र बसु के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र भी दायर किया है। मामले की जांच के दौरान दक्षिण दमदम नगरपालिका में नौकरी प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के नाम अवैध रूप से अनुशंसित किए जाने का आरोप सुजीत बसु पर लगा है।

ईडी सूत्रों के अनुसार, इस सूची में लगभग 150 नौकरी अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि भ्रष्टाचार से अर्जित धन गिरफ्तार आरोपितों के बैंक खातों में पहुंचा है।

ईडी के अनुसार, नगर नियुक्ति भ्रष्टाचार से संबंधित धनराशि लगभग 250 करोड़ रुपये हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता