उत्तर बंगाल में पहली बार 100 किलो सोने के आभूषणों से सजेगी मां दुर्गा
सिलीगुड़ी, 15 सितंबर (हि. स.)। उत्तर बंगाल में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान भव्य और अनोखा आयोजन देखने को मिलेगा। सिलीगुड़ी की सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी के 64वें वर्ष के आयोजन में मां दुर्गा समेत कार्तिक, गणेश, लक्ष्मी और सरस्वती का कुल 100 किलो सोने के आभूषणों से श्रृंगार किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, उत्तर बंगाल में पहली बार इस तरह का आयोजन होने जा रहा है।
मंगलवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूजा कमेटी के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। पांचों देवी-देवताओं के लिए 100 किलो सोने का विशेष श्रृंगार तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा बालुरघाट के प्रसिद्ध कलाकार द्वारा पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि चंदननगर के कलाकार आकर्षक रोशनी की सजावट करेंगे। 100 किलो सोने से सजी प्रतिमाओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पंडाल से करीब आठ फीट पहले बैरिकेडिंग की जाएगी और पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। पंडाल के पीछे भी अलग से बैरिकेडिंग की जाएगी और श्रद्धालुओं को निर्धारित कतार से दर्शन कराए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

