मां फ्लाईओवर पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर, चार गंभीर रूप से घायल
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कोलकाता के मां फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। दुर्घटना तड़के तपसिया के पास हुई, जहां दो चारपहिया वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन पार्क सर्कस की ओर से बाइपास की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। उसी समय विपरीत दिशा से एक अन्य चारपहिया वाहन आ रहा था। दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूत्रों के अनुसार, घायलों में से एक को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों के नाम और पहचान की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय वाहन चालक शराब के नशे में था या नहीं। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तपसिया थाने ले जाया गया है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

