home page

गैस सिलेंडर की किल्लत पर फूटा गुस्सा, खाली सिलेंडर रख सड़क जाम कर प्रदर्शन

 | 
गैस सिलेंडर की किल्लत पर फूटा गुस्सा, खाली सिलेंडर रख सड़क जाम कर प्रदर्शन


आसनसोल, 25 मार्च (हि. स.)। आसनसोल साउथ पुलिस चौकी अंतर्गत एलआईसी मोड़ के पास गैस सिलेंडर की भारी किल्लत को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर पुरुलिया और झारखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शनकारियों ने “सिलेंडर दो या जवाब दो” के नारे लगाते हुए संबंधित गैस एजेंसी पर कालाबाजारी और वादाखिलाफी के गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि उन्होंने करीब एक महीने पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था। बुकिंग के बाद मैसेज और रसीद मिलने के बावजूद अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एजेंसी की ओर से हर दिन “आज मिलेगा, कल मिलेगा” कहकर उन्हें लगातार दौड़ाया जा रहा है। इससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर उन परिवारों को जो पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जल्द ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी दो बार गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सड़क जाम किया जा चुका है। उस समय कुछ लोगों को सिलेंडर मिला, लेकिन कई अब भी वंचित रह गए थे। इसी वजह से एक बार फिर लोगों का आक्रोश भड़क उठा।

फिलहाल प्रशासन ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर आम जनता को बुनियादी सुविधा के लिए कब तक इस तरह संघर्ष करना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा