मतदान के दौरान केंद्रीय बल से बहस में उलझीं लवली मित्रा
कोलकाता, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार लवली मित्रा की केंद्रीय बल के साथ बहस हो गई।
सूत्रों के अनुसार, लवली मित्रा ने राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के वार्ड संख्या 19 स्थित विद्याभूषण विद्यापीठ के बूथ नंबर 143 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि पहली बार मैंने खुद को वोट दिया।
हालांकि, वोट डालने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब थे, जिसके कारण वे मतदान नहीं कर सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय बल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में काम कर रहा है। तृणमूल उम्मीदवार ने कहा कि आज के बाद भाजपा की कोई जगह नहीं बचेगी।
गौरतलब है कि सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट दूसरे चरण में सबसे चर्चित सीटों में से एक रही, जहां मुख्य मुकाबला दो अभिनेत्रियों के बीच था— तृणमूल की लवली मित्रा और भाजपा की रूपा गांगुली। लवली मित्रा इस सीट की मौजूदा विधायक भी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

