प्रेम विवाह से नाराज पिता और चाचा पर बेटी के ससुराल में बमबाजी का आरोप
पश्चिम मेदिनीपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रेम विवाह से नाराज होकर बेटी के पिता और चाचा पर दामाद के घर बमबाजी करने का आरोप लगा है। घटना पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना-दो ब्लॉक के धाईखंड गांव की है। शुक्रवार रात हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल है। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से बम या गोली चलने के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। किसी भी पक्ष की ओर से अब तक लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, धाईखंड गांव के निवासी जसीमुद्दीन खान का पड़ोसी खुड़शी गांव की आयशा सरकार के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों ने पिछले अक्टूबर में विवाह कर लिया था। आरोप है कि आयशा के परिवार के लोग इस विवाह से नाराज थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया था। मामला अदालत तक भी पहुंच गया था।
बताया गया है कि विवाह के बाद आयशा अपने पति के साथ रह रही हैं और मायके लौटने को तैयार नहीं हैं। जसीमुद्दीन का आरोप है कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कुछ लोग उनके घर पहुंचे और घर को निशाना बनाकर बमबाजी की। इस दौरान गोली चलाने का आरोप भी लगाया गया है। जसीमुद्दीन ने इस घटना के लिए अपनी पत्नी के पिता असगर सरकार और उनके साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका दावा है कि पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
दूसरी ओर, आयशा के पिता असगर सरकार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि बेटी के साथ उनके संबंध अच्छे हैं। वह बेटी के ससुराल भी गए थे, लेकिन वहां पहुंचने पर ससुराल पक्ष के लोग उन्हें बैठाकर कहीं चले गए। असगर ने पारिवारिक संबंध खराब होने के लिए जसीमुद्दीन के परिवार को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना की सूचना मिलने पर चंद्रकोना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस के अनुसार घटनास्थल से बम या गोली चलने के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि अब तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इस घटना को लेकर स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने भी चिंता जताई है। भाजपा नेता नरेश घोष ने कहा कि घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है। इस मामले को प्रशासन के सामने उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

