प्रेम संबंध विवाद में युवती की हत्या, आरोपित ने भी आत्महत्या का प्रयास किया
कोलकाता, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर में बुधवार सुबह एक युवक पर सार्वजनिक सड़क पर एक युवती की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपित युवक ने भी उसी हथियार से अपने पेट पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि प्रेम संबंध में चल रहे विवाद के कारण यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, मृत युवती की पहचान गीता दास (33) के रूप में हुई है। हत्या के आरोपित युवक का नाम सुभाष दत्त बताया गया है। घटना सोदपुर के फ्यूचर गेट क्षेत्र स्थित स्कूल रोड पर हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार,गीता सोदपुर के नाटागढ़ क्षेत्र के महेंद्रनगर की निवासी थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गीता और सुभाष के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, किंतु दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद सुभाष ने धारदार चाकू से गीता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास के लोग गीता को बचाने के लिए आगे बढ़े तो सुभाष ने चाकू लेकर उन्हें भी धमकाया। इसके बाद उसने उसी धारदार हथियार से अपने पेट पर वार कर लिया और वह भी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना पाकर खड़दह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गीता दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष दत्त का उपचार जारी है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध में विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

