साथ पकड़े गए प्रेमी युगल को खंभे से बांधा, पुलिस बचाकर ले गई थाने
पश्चिम मेदिनीपुर, 23 सितंबर (हि. स.)। जिले के चंद्रकोना नगरपालिका क्षेत्र के गोसाई बाजार स्थित जोहरा पोखर इलाके में मंगलवार देर रात एक महिला के कमरे में कथित प्रेमी के मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि ससुरालवालों ने दोनों को कमरे में साथ बैठकर बातचीत करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया और पड़ोस के लोगों को भी मौके पर बुलाया गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला की पहचान वंदना रूइदास (23) के रूप में हुई है। महिला के ससुराल के एक सदस्य ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसके पति ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पति की मौत के कुछ महीने बाद महिला ने अपने पूर्व प्रेमी बताए जा रहे एक युवक को अपने कमरे में बुलाया था। युवक का घर सुंदरवन इलाके में बताया जा रहा है।
ससुरालवालों के दोनों को कमरे में साथ देखने के बाद परिवार के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद पड़ोसियों और अन्य स्थानीय लोगों को भी बुलाया गया। आरोप है कि लोगों ने दोनों को पकड़कर मुख्य सड़क पर एक खंभे से बांध दिया। महिला के चेहरे पर चूना लगाने का भी आरोप है।
घटना की सूचना पाकर चंद्रकोना टाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

