home page

जीआरपी और आरपीएफ का बारुईपुर में संयुक्त अभियान, लोकल ट्रेन में सीट कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई

 | 
जीआरपी और आरपीएफ का बारुईपुर में संयुक्त अभियान, लोकल ट्रेन में सीट कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई


आसनसोल, 29 नवंबर (हि. स.)। लोकल ट्रेनों में बैग और अन्य सामान रखकर सीट कब्जा करने की शिकायत लंबे समय से सामने आ रही है। कई यात्रियों पर ट्रेन के दरवाजे के सामने सामान रखकर या भीड़ जमा कर दूसरों के लिए परेशानी पैदा करने का आरोप भी लगता है। इसको लेकर लोकल ट्रेन के यात्रियों के बीच कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। अब इन समस्याओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। रविवार को सियालदह दक्षिण शाखा में बारुईपुर जीआरपी और आरपीएफ की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान विभिन्न लोकल ट्रेनों के डिब्बों में पहुंचकर यात्रियों को जागरूक करते नजर आए। एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे में जाकर माइक के माध्यम से यात्रियों को सीट कब्जा कर रखने, ट्रेन के दरवाजे के सामने अनावश्यक भीड़ लगाने तथा यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने से बचने की अपील की गई। कई यात्री दूसरों के लिए ट्रेन में बैग अथवा अन्य सामान रखकर सीट रोक लेते हैं। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रेलवे की ओर से पहले भी जागरूकता अभियान चलाया गया था। अब एक बार फिर इस दिशा में पहल की गई है।

अभियान के दौरान यात्रियों को ट्रेन में सफर करते समय अपने मोबाइल फोन, बैग और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने को लेकर भी जागरूक किया गया। अपरिचित लोगों के हाथों अपना सामान नहीं सौंपने तथा यात्रा के दौरान निजी सामान पर नजर रखने की सलाह दी गई।

रेल यात्रियों के एक वर्ग का कहना है कि रोजाना लोकल ट्रेन में सफर के दौरान सीटों पर सामान रखकर कब्जा कर लिया जाता है। वहीं, दरवाजे के सामने भीड़ जमा होने से ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी होती है। इसके अलावा यात्रा के दौरान निजी सामान चोरी या खो जाने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। ऐसे में जीआरपी और आरपीएफ की इस संयुक्त पहल को यात्रियों ने स्वागतयोग्य बताया है।

यात्रियों की सुरक्षा, सुचारु आवागमन और लोकल ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। रेलवे की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ट्रेन में सीट कब्जा करने, यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा