home page

गड़िया में लिव-इन पार्टनर की हत्या का घटनाक्रम पुनर्निर्माण, आरोपित मां-बेटी को लेकर फ्लैट पहुंची पुलिस

 | 
गड़िया में लिव-इन पार्टनर की हत्या का घटनाक्रम पुनर्निर्माण, आरोपित मां-बेटी को लेकर फ्लैट पहुंची पुलिस


कोलकाता, 10 नवंबर (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के गड़िया में लिव-इन पार्टनर की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात का पुनर्निर्माण किया। जांचकर्ताओं की टीम आरोपित प्रेमिका संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को लेकर फ्लैट पहुंची। इस दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद थे। उन्होंने फ्लैट के अलग-अलग हिस्सों से महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किए, ताकि हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा सके।

गौरतलब है कि गड़िया स्थित फ्लैट में सार्थक सरकार अपनी लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु के साथ रहता था। आरोप है कि शनिवार रात संचालिका ने धारदार हथियार से हमला कर सार्थक की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने संचालिका और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद की मुख्य वजह रिश्ते में तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी थी। घटना वाले दिन दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। जांचकर्ताओं का दावा है कि संचालिका लगातार सार्थक पर कई महिलाओं के साथ संबंध रखने का आरोप लगा रही थी। वहीं, सार्थक ने भी पलटवार करते हुए संचालिका के कई अन्य लोगों के साथ संबंध होने की बात कही थी।

इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और देखते ही देखते विवाद गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान संचालिका ने धारदार हथियार से सार्थक के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस अब तक जुटाई गई जानकारियों और बयानों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में लगी है। जांचकर्ताओं का मानना है कि केवल आरोपों और बयानों के आधार पर निष्कर्ष निकालना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वारदात से जुड़े ठोस सबूत जुटाना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से आरोपी मां-बेटी को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किए हैं, ताकि वैज्ञानिक जांच के जरिए हत्या की परिस्थितियों और घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा