पश्चिम मेदिनीपुर में छापेमारी, 55 लाख से ज्यादा की शराब जब्त
पश्चिम मेदिनीपुर, 23 अप्रैल (हि. स.)। जिले में आबकारी विभाग ने बुधवार देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और संबंधित सामग्री जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 55 लाख 72 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग की टीम ने सालबनी, गड़वेता, मेदिनीपुर सदर, खड़गपुर टाउन, सबंग, चंद्रकोणा, खड़गपुर लोकल, बेलदा, दांतन, गोआलतोड़े, नारायणगढ़, डेबरा और घाटाल सर्किल क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 181 स्थानों पर छापेमारी की गई। इसमें 20 हजार 060 लीटर फर्मेंटेड वॉश, एक हजार 710 लीटर देशी शराब, 55 पीस अल्कोहल हैंडलिंग सामग्री, 225 लीटर सीएस/आईएमएल, 151 लीटर विदेशी शराब (एफएल) और 376.50 लीटर बीयर बरामद की गई।
इस मामले में आबकारी विभाग ने कुल 52 जब्ती मामले दर्ज किए हैं। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

