पश्चिम मेदिनीपुर में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान तेज
मेदिनीपुर, 30 जुलाई (हि.स.)।पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई तथा महिलाओं का जनआंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। एक ओर बेलदा के देउली क्षेत्र में महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध आंदोलन जारी रखा, वहीं दूसरी ओर केशियाड़ी थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 10 लीटर चुलाई शराब बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
बेलदा के देउली क्षेत्र में क्षेत्र की महिलाएं लंबे समय से अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चला रही हैं। कुछ दिन पहले बेलदा अस्पताल के निकट एक व्यक्ति के घर में रखी अवैध शराब को आंदोलनकारी महिलाओं ने नष्ट कर दिया था। बुधवार देर रात को इसी घटना को लेकर नया विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि संबंधित परिवार के सदस्यों ने आंदोलनकारी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर बेलदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वातावरण सामान्य हो गया।
आंदोलनकारी महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध और अधिक कठोर अभियान चलाकर इस धंधे को पूरी तरह बंद कराया जाए। उनका कहना है कि नशे की प्रवृत्ति के कारण अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं तथा सामाजिक अशांति बढ़ रही है।
उधर, नारायणगढ़ आबकारी सर्किल की टीम ने केशियाड़ी थाना क्षेत्र के सांतड़ापुर, कुलासिनी, कालियान सहित विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सांतड़ापुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल से चुलाई शराब की तस्करी किए जाने के दौरान 10 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया तथा मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।
आबकारी विभाग ने अवैध रूप से चुलाई शराब रखने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

