home page

लिलुआ : चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव ठिकाने लगाने की कोशिश करते दो गिरफ्तार

 | 
लिलुआ : चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव ठिकाने लगाने की कोशिश करते दो गिरफ्तार


हावड़ा, 09 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस ने चोरी के शक में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने और उसके शव को दूसरी जगह ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान राजकुमार चौहान (43) के रूप में हुई है, जो पड़ोसी और उत्तरपाड़ा का निवासी था। घटना हावड़ा जिले के लिलुआ थाना इलाके में मंगलवार देर रात हुई। पुलिस ने बुधवार तड़के इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार चौहान मंगलवार रात लिलुआ थाना क्षेत्र से सटे एक इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में कथित तौर पर घुसा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह चोरी के इरादे से फैक्ट्री में दाखिल हुआ था और वहां उसे पकड़ लिया गया। इसके कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। पुलिस को आशंका है कि गंभीर रूप से हमला के कारण राजकुमार चौहान की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कथित अपराध को छिपाने के उद्देश्य से शव को दूसरी जगह ले जाने की भी कोशिश की गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में दो युवकों शुभजीत पटेल और सुमित पासवान को गिरफ्तार किया है।

हावड़ा सिटी पुलिस कमिश्नर अखिलेश चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम के भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने की संभावना है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद राजकुमार चौहान की मौत के सही कारणों और पूरी घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हावड़ा और हुगली जिले के विभिन्न फैक्ट्री परिसरों में चोरी की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं, जहां मशीनों के उपकरण और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें मिलती हैं। लोगों ने इस हिंसा में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय