वज्रपात से दो श्रमिकों की मृत्यु, एक गंभीर रूप से घायल
घाटाल, 30 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चन्द्रकोणा नगर में गुरुवार दोपहर वज्रपात की घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों के नाम साहाबुद्दीन मंडल (55) और लिटन मंडल (37) है। दोनों माधवपुर इलाके के निवासी बताए गए हैं। इस घटना में काजल मलिक नामक एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रकोणा नगर के तीन नंबर वार्ड के माधवपुर इलाके में तीन श्रमिक पेड़ काटने का काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ। वज्रपात की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने साहाबुद्दीन और लिटन को मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

