12 घंटे की ड्यूटी के विरोध में लाइफलाइन अस्पताल के कर्मचारियों का प्रदर्शन, आठ घंटे काम की मांग
आसनसोल, 02 नवंबर (हि. स.)। आसनसोल के कालिपहाड़ी मोड़ के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे स्थित लाइफलाइन मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में ड्यूटी का समय आठ घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे किए जाने के विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (जीडीए) कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों के प्रदर्शन को लेकर अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों सुमित हेम्ब्रम और श्रावणी टुडू ने बताया कि पहले अस्पताल में उनकी ड्यूटी आठ घंटे की होती थी, लेकिन अचानक एक नवंबर से ड्यूटी का समय बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन पर 12 घंटे काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि ड्यूटी का समय बढ़ाए जाने से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि वे आठ घंटे से अधिक ड्यूटी नहीं करेंगे और अस्पताल प्रबंधन से पहले की तरह आठ घंटे की कार्य व्यवस्था बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।
वहीं, कर्मचारियों की ओर से लगाए गए आरोपों और उनकी मांगों पर अस्पताल प्रबंधन की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

