एलआईसी ने सुरुचि संघ को भेजा जमीन खाली करने का नोटिस
कोलकाता, 20 जून (हि.स.)। भारतीय जीवन बीमा निगम ने प्रसिद्ध दुर्गापूजा आयोजक सुरुचि संघ क्लब को तत्काल जमीन खाली करने का नोटिस भेजा है। भारतीय जीवन बीमा निगम ने आरोप लगाया है कि क्लब उसकी लगभग 21 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर वर्षों से दुर्गापूजा आयोजित करता आ रहा है। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 18 जुलाई तक जमीन खाली करनी होगी, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में क्लब परिसर की दीवार पर नोटिस भी चस्पा दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, न्यू अलीपुर इलाके में हर वर्ष भव्य दुर्गापूजा का आयोजन करने वाला सुरुचि संघ लंबे समय से राज्य के पूर्व मंत्री अरूप विश्वास और उनके भाई स्वरूप विश्वास से जुड़ा रहा है। आम लोगों के बीच यह पूजा ‘विश्वास बंधुओं’ की पूजा के नाम से भी जानी जाती है। स्वरूप विश्वास क्लब के सचिव रहे हैं और वर्तमान में जेल में बंद हैं।
भारतीय जीवन बीमा निगम का आरोप है कि जिस जमीन पर वर्षों से पूजा आयोजित हो रही थी, वह उसकी संपत्ति है। इस संबंध में कई बार क्लब प्रबंधन से जमीन वापस मांगी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद निगम ने अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब जमीन खाली कराने के लिए औपचारिक नोटिस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि कोलकाता के प्रमुख सार्वजनिक दुर्गापूजा आयोजनों में सुरुचि संघ का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। पिछले कई वर्षों तक इस पूजा का उद्घाटन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी किया करती थीं। इस पूजा में राज्य की सत्ताधारी राजनीति से जुड़े प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी चर्चा का विषय रहती थी।
हाल के महीनों में सुरुचि संघ को लेकर कई विवाद सामने आए हैं। क्लब में भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगे थे। एक महिला ने रीजेंट पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए स्वरूप विश्वास पर गंभीर आरोप लगाए थे। स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी के बाद क्लब परिसर में तोड़फोड़ और पोस्टर हटाने की घटनाएं भी सामने आई थीं। अब भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से जमीन खाली करने के नोटिस ने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

