नयाग्राम अस्पताल में अंग विकृत मरीजों के लिए विशेष ऑपरेशन
झाड़ग्राम, 21 फ़रवरी (हि.स.)। समाज के मुख्यधारा में अंग विकृत लोगों को पुनः शामिल करने के लिए नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ने विशेष ऑपरेशन अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का नेतृत्व अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक देवाशीष महात कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कई मरीजों के हाथ या पैर प्रभावित हैं, जिससे वे सामाजिक जीवन में पीछे रह जाते हैं। अधिकांश मरीज कुष्ठ रोग से पीड़ित रहे हैं, जिसके कारण उनके अंगों में विकृति आ गई है। हालांकि शारीरिक रूप से वे स्वस्थ हैं, लेकिन अंगों की विकृति उन्हें समाज में पिछड़ने के लिए बाध्य करती है।
शुक्रवार को 13 ऐसे मरीजों के लिए रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की व्यवस्था की गई। इस ऑपरेशन में 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने हिस्सा लिया, जिनका नेतृत्व आर. एन. भट्टाचार्य कर रहे थे। ऑपरेशन के बाद मरीज लगभग एक महीने अस्पताल में रहकर पूरी तरह उपचार प्राप्त करेंगे।
शुक्रवार देर शाम अस्पताल प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि सफल ऑपरेशन के बाद मरीजों को रोज़गार शुरू करने के लिए 12,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। यह पहल राज्य सरकार के सहयोग से समाज में अंग विकृत लोगों को मुख्यधारा में लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

