पुरुलिया की पांच सीटों पर वाममोर्चा के नए चेहरे
पुरुलिया, 17 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वाममोर्चा ने पुरुलिया जिले में कई नए चेहरों को मैदान में उतारा है। जिले की नौ विधानसभा सीटों में से पांच सीटों पर पहली बार उम्मीदवार बनाए गए हैं। इनमें चार उम्मीदवार माकपा के और एक फॉरवर्ड ब्लॉक के हैं।
वाममोर्चा द्वारा घोषित उम्मीदवारों में पुरुलिया सीट से एसएफआई के जिला सचिव सायंतन घोष, बलरामपुर से पार्टी की नई सदस्य नमिता महतो, बंदवान से जिला सचिवमंडल के सदस्य रथु सिंह सरदार, काशीपुर से शिक्षिका और शिक्षक संगठन की नेता सुलेखा बाउरी तथा बाघमुंडी से फॉरवर्ड ब्लॉक की युवा इकाई यूथ लीग के राज्य कमेटी सदस्य परिमल कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा रघुनाथपुर से माकपा के पुरुलिया जिला कमेटी सदस्य गणेश बाउरी को उम्मीदवार बनाया गया है। पाड़ा (आरक्षित) सीट से पार्टी के युवा नेता अलोक बाउरी चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जयपुर सीट से फॉरवर्ड ब्लॉक के श्रमिक संगठन के नेता धीरेंद्रनाथ महतो को उम्मीदवार बनाया गया है। वह 2011 में भी इस सीट से विधायक चुने गए थे।
भाजपा ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। हालांकि पुरुलिया जिले की नौ सीटों में से छह सीटों पर ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पुरुलिया और जयपुर सीट पर फिलहाल उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

