home page

वाममोर्चा ने किया शनिवार को सिलीगुड़ी में विरोध मार्च निकालने का आह्वान

 | 

सिलीगुड़ी, 23 अक्टूबर (हि. स.)। ‘किताबें पढ़ें, किताबें बचाएं और बंगाल की विरासत की रक्षा करें’ के नारे के साथ वाममोर्चा ने शनिवार को सिलीगुड़ी में विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया है। सिलीगुड़ी अनिल विश्वास भवन में पत्रकार सम्मेलन कर वाममोर्चा नेताओं ने इसकी जानकारी दी।

दुर्गापूजा के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ सिलीगुड़ी में भी वाममोर्चा के बुक स्टॉल पर हमला किए जाने का आरोप लगा है।

वाममोर्चा का दावा है कि किताबों की बिक्री और शारदीय पत्रिकाओं को लेकर यह घटना हुई।

वाममोर्चा के अनुसार, पिछले वर्ष सिलीगुड़ी में उनके बुक स्टॉल से करीब एक लाख रुपये की किताबें बिकी थी, जबकि इस वर्ष बिक्री बढ़कर लगभग तीन लाख रुपये तक पहुंच गई। उनका दावा है कि पूरे पश्चिम बंगाल में इस बार वाममोर्चा के बुक स्टॉल से एक करोड़ रुपये से अधिक की किताबों की बिक्री हुई है।

वाममोर्चा का कहना है कि लोगों में पढ़ने की आदत विकसित करना और बंगाल की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से बुक स्टॉल पर कथित हमले के विरोध में और किताबों तथा संस्कृति के पक्ष में जनमत तैयार करने के लिए विरोध मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों का परिक्रमा करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार