चुनाव 26 : वाम उम्मीदवार झरेन राय ने चाय बागान इलाके में किया प्रचार
सिलीगुड़ी, 14 अप्रैल (हि.स.)। चाय बागान मजदूरों का समर्थन हासिल करने के लिए वाम मोर्चा उम्मीदवार झरेन राय मंगलवार सुबह-सुबह वोट की अपील करते नजर आए । माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के नक्सलबाड़ी चाय बागान में उन्होंने प्रचार किया।इस दौरान उन्होंने चाय श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और वोट देने की अपील की। अपने भाषण में झरेन राय ने तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी सरकार पर विकास की कमी का आरोप लगाया और मजदूरों की हालत पर नाराजगी जताई।
उन्होंने चाय बागान मजदूरों की मजदूरी, जमीन के अधिकार, भोजन, कपड़ा और आवास जैसी बुनियादी जरूरतों को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि इन समस्याओं का समाधान जरूरी है।
उम्मीदवार ने कहा कि चाय मजदूरों का वोट इस चुनाव में बेहद महत्वपूर्ण है। अब तक 24 चाय बागानों के साथ-साथ गांव-गांव में प्रचार किया जा चुका है।
झरेन राय ने दावा किया कि चाय मजदूर बदलाव चाहते है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट पर वामपंथी पार्टी जीत हासिल करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

