कॉलेज स्ट्रीट पर वामपंथियों के पुस्तक स्टॉल लगाने में पुलिस ने लगाई बाधा, सड़क पर किताबें बिक्री शुरू
कोलकाता, 17 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में मंगलवार को वामपंथी और प्रगतिशील साहित्य की पुस्तकों को लेकर आयोजित मिनी पुस्तक मेले की शुरुआत विवाद के साथ हुई। माकपा और उसके छात्र संगठन एसएफआई की ओर से आयोजित इस पुस्तक मेले में पुलिस ने स्टॉल लगाने में बाधा पहुंचाई। इसके विरोध में युवा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही पुस्तकें सजाकर बिक्री शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, त्योहारों के मौसम में वामपंथी और प्रगतिशील साहित्य के पुस्तक स्टॉलों पर लगातार हो रहे हमलों के विरोध में अधिक से अधिक लोगों को पुस्तकों से जोड़ने के उद्देश्य से इस मिनी पुस्तक मेले का आयोजन किया गया था। मंगलवार से कॉलेज स्ट्रीट में इसकी शुरुआत होनी थी।
आरोप है कि आयोजकों ने पहले से पुलिस की अनुमति ली थी, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें निर्धारित स्थान पर पुस्तक स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दी। इसको लेकर एसएफआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस दौरान एसएफआई के प्रदेश सचिव देवांजन दे सहित कई युवक-युवतियों की पुलिस के साथ कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। घटना को लेकर कॉलेज स्ट्रीट में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया।
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में युवा वामपंथी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही पुस्तकें सजाकर अपना विरोध जताया। उनका कहना था कि पुस्तकों और प्रगतिशील साहित्य के माध्यम से अपनी बात रखने के प्रयास को रोका जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

