सिलीगुड़ी में नए कोर्ट भवन की मांग, कानून मंत्री ने वकीलों को दिया जल्द निर्माण का भरोसा
सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (हि.स.)। सिलीगुड़ी कोर्ट परिसर में शुक्रवार को राज्य के कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास और पर्यटन मंत्री शंकर घोष पहुंचे। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ-साथ अन्य अधिवक्ताओं से मुलाकात की और कोर्ट परिसर का निरीक्षण भी किया।
सिलीगुड़ी में लंबे समय से नए कोर्ट भवन के निर्माण की मांग अधिवक्ताओं की ओर से की जा रही है। बताया गया कि नए कोर्ट भवन का नक्शा तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। मौजूदा कोर्ट परिसर में जगह की कमी के कारण अधिवक्ताओं के साथ-साथ लॉ क्लर्क और विभिन्न कामों से आने वाले आम लोगों को भी रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने दोनों मंत्रियों के सामने नए कोर्ट भवन के निर्माण का मुद्दा उठाया और जल्द से जल्द काम शुरू करने की मांग की। इस पर कानून राज्य मंत्री बिराज विश्वास ने जल्द ही नए कोर्ट भवन के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
वहीं, मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस परियोजना को लंबित रखा गया था। उन्होंने कहा कि अब सरकार इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।इस दौरान मंत्रियों ने कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं को राष्ट्रीय ध्वज भी सौंपे। मंत्रियों के दौरे को लेकर अधिवक्ताओं और कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के बीच काफी उत्साह देखा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

