home page

नदी में बड़ी संख्या में मरी मछलियां मिलने से सनसनी

 | 
नदी में बड़ी संख्या में मरी मछलियां मिलने से सनसनी


कूचबिहार, 13 मार्च (हि. स.)। जिले के मानिकगंज के खारिजा बेरुबाड़ी इलाके में स्थित पांगा नदी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी मछलियां मिली है। इनमें कई बोआल, आइड़ और बाइम मछलियां आधी मरी हुई थी, जबकि कुछ पूरी तरह मृत अवस्था में थी। यह घटना शुक्रवार को सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की खबर फैलते ही जाल और थैले लेकर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में नदी में उतर गए और मछलियां पकड़ने लगे। इस घटना के बाद पर्यावरण प्रेमियों ने चिंता जाहिर किया है।

पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मछलियों का मरना सामान्य घटना नहीं है। अनुमान है कि रात के अंधेरे में अधिक मछली पकड़ने के लालच में कुछ असामाजिक लोगों ने नदी में जहर डाल दिया होगा, जिससे जल जीवों की मौत हो रही है।

कुछ लोगों का मानना है कि बीती रात हुई बारिश के कारण आसपास के चाय बागानों से कीटनाशक और रासायनिक मिश्रित पानी नदी में आ गया, जिसके कारण मछलियों की मौत हो रही है।

पर्यावरणविदों का कहना है कि जहरीले या रसायनों के प्रभाव से मरी हुई मछलियां खाना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। खासकर अगर ये मछलियां बाजार में बेची जा रही है तो अनजाने में लोगों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस तरफ ध्यान देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार