रायगंज में घायल अवस्था में मिला विशाल लिजर्ड, पीठ पर चोट के निशान से सनसनी
उत्तर दिनाजपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रायगंज ब्लॉक के बीजग्राम में एक जलाशय के किनारे गंभीर रूप से घायल विशालकाय एशियन वॉटर मॉनिटर लिजर्ड (बड़ा गोह) मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग इसे ‘रामगादा’ या बड़ा गोसाप के नाम से जानते हैं। वन्यजीव के पीठ पर गहरे चोट के निशान मिलने के बाद उसके घायल होने के कारणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कमलबाड़ी ग्राम पंचायत के बीजग्राम इलाके में स्थानीय लोगों ने जलाशय के पास लिजर्ड को घायल अवस्था में छटपटाते देखा। इसके बाद उन्होंने वन्यजीव संरक्षण संस्था ‘उत्तर दिनाजपुर पीपल्स फॉर एनिमल्स’ को सूचना दी। स्थानीय युवक रॉबिन बर्मन का फोन मिलने पर संस्था की चार सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। संस्था के महासचिव गौतम तांतिया के नेतृत्व में टीम ने घायल वन्यजीव को सुरक्षित बचाया। लिजर्ड की पीठ पर चोट के स्पष्ट निशान मिलने से वन्यजीव प्रेमियों को आशंका है कि किसी ने उस पर धारदार या भारी वस्तु से हमला किया होगा। हालांकि, चोट लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में लिजर्ड की आवाजाही बढ़ गई थी और वह उनकी बतखों तथा मुर्गियों का शिकार कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से किसी ने डर या गुस्से में उस पर हमला किया होगा।
संस्था के महासचिव गौतम तांतिया ने बताया कि घायल वन्यजीव को रायगंज वन विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा। वन विभाग के चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

