ताकदा ग्रामीण अस्पताल में भूस्खलन, मलबे में दब कर घायल हुआ मरीज का परिजन
दार्जिलिंग, 25 सितंबर (हि.स.)। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार तड़के दार्जिलिंग के ताकदा कैंटोनमेंट अस्पताल में भीषण भूस्खलन की घटना सामने आई है। भूस्खलन की चपेट में आने से अस्पताल परिसर में मौजूद कम से कम छह लोग मलबे में फंस गए। इनमें एक मरीज का परिजन मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहत एवं बचाव दल ने उसे बाहर निकालकर तत्काल बेहतर इलाज के लिए दार्जिलिंग जिला अस्पताल भेजा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक भारी भूस्खलन हुआ, जिससे अस्पताल का एक हिस्सा प्रभावित हो गया। उस समय अस्पताल के अंदर स्वास्थ्यकर्मियों समेत छह लोग मौजूद थे। इनमें से पांच लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि एक मरीज का परिजन मलबे में दब गया।
ताकदा ग्रामीण अस्पताल रांगली-रंगलीयट ब्लॉक का प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है और दार्जिलिंग शहर से करीब 28 किलोमीटर दूर स्थित है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने की प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अस्पताल की इमारत को हुए नुकसान और घायल व्यक्ति की वर्तमान स्थिति को लेकर जिला प्रशासन या अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

