लालगोला में छः बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
मुर्शिदाबाद, 26 अगस्त (हि. स.)। भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे लालगोला थाने की पुलिस ने बुधवार सुबह अभियान चलाकर छह बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। लालगोला थाना के मधुपुर इलाके में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सूचना पाकर लालगोला थाने ने पुलिस ने मधुपुर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध रूप से मौजूद छह लोगों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए थाने लाया गया। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान चांपाइनवाबगंज जिले के रुबेल शेख (36)और अबुल हलीम (28), राजशाही जिले के कबीर शेख (31), मिजानुर रहमान (34) और रिमोन अली (18) तथा मानिकगंज जिले के 39 वर्षीय अमिनुल के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में इन लोगों ने कथित तौर पर बताया कि वे करीब एक महीने पहले बांग्लादेश से भारत आए थे। हालांकि, भारत में उनका प्रवेश किस रास्ते से हुआ और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी विस्तृत जांच अब ललगोला थाना पुलिस कर रही है।
फिलहाल सभी छह लोगों को ललगोला थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें होल्डिंग सेंटर भेजा जाएगा।
लगातार बांग्लादेशी नागरिकों के पकड़े जाने के बीच ललगोला इलाके में सीमा सुरक्षा और अवैध रूप से भारत में प्रवेश का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

