home page

लालगढ़ में फुटबॉल मैदान पर वज्रपात से एक की मौत, 19 घायल

 | 
लालगढ़ में फुटबॉल मैदान पर वज्रपात से एक की मौत, 19 घायल


झाड़ग्राम, 18 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के लालगढ़ के सिजुआ इलाके में शुक्रवार शाम को फुटबॉल मैदान पर वज्रपात होने से एक युवक की मौत हो गई। घटना में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है कि सिजुआ इलाके के कुमारबांध स्थित फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को खेल चल रहा था। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में मैदान में मौजूद कई युवक आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया।

अचानक हुए घटना को लेकर क्षेत्र में दुख का माहौल है। घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे हैं। छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है।

घायलों का हाल जानने के लिए भाजपा के झाड़ग्राम जिला अध्यक्ष तूफान महतो मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और उनकी स्थिति की जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता