झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। झांसी की रानी और 1857 के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सोशल मिडिया पर एक संदेश साझा कर रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति उनके बलिदान को याद किया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि 1857 के महान विद्रोह की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
उल्लेखनीय है कि रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। उनका मूल नाम मणिकर्णिका तांबे था। विवाह के बाद वह झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के नाम से प्रसिद्ध हुईं। अंग्रेजों की विस्तारवादी नीतियों और झांसी पर अधिकार करने के प्रयासों का उन्होंने दृढ़ता से विरोध किया। वर्ष 1857 के विद्रोह में उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व किया। जून 1858 में ग्वालियर के निकट युद्ध करते हुए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

