लक्खी भंडार की रकम पुरुष के खाते में जाने का आरोप, महिला ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
हुगली, 29 मई (हि. स.)। रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर-एक की निवासी उर्मिला देवी ने लक्खी भंडार योजना की राशि दूसरे व्यक्ति के खाते में जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
उर्मिला देवी ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने लक्खी भंडार योजना में अपना नाम दर्ज कराया था। लेकिन आसपास की अन्य महिलाओं के खातों में योजना की राशि आने के बावजूद उनके खाते में कभी पैसा नहीं आया।
महिला का आरोप है कि लक्खी भंडार योजना की राशि विजय साव नामक एक पुरुष के बैंक खाते में जमा हो रही थी। उर्मिला देवी का कहना है कि योजना के फॉर्म में उनका नाम दर्ज था, लेकिन बैंक खाते की जानकारी में विजय साव का नाम और खाता संख्या जोड़ दी गई थी।
उन्होंने बताया कि जब वह सीधे विजय साव से मिलने गईं और इस बारे में सवाल किया, तब उसने उन्हें पांच हजार रुपये देकर मामला शांत करने की कोशिश की।
इसके बाद उर्मिला देवी ने स्थानीय पार्षद समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। उनका आरोप है कि पूर्व सरकार के समय उन्हें इस मामले में कोई न्याय नहीं मिला।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब उन्होंने पुलिस का सहारा लिया है और श्रीरामपुर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं, विजय साव ने हिन्दुस्थान समाचार के सामने यह स्वीकार किया कि पैसे उनके खाते में आये हैं और वो सारा पैसा लौटाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वे स्थानीय पार्षद पार्थ सारथी गुप्ता के पास गए थे उन्होंने जल्द ही समस्या के समाधान की बात कही थी। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने के लिए पार्षद से बार बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई। लेकिन पार्षद से सम्पर्क नहीं हो सका।
बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पीड़िता को कार्रवाई का भरोसा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

